Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 जून। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बस स्वामियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर चिन्हित मार्गों पर बसों का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को सुदृढ़ एवं सुलभ परिवहन व्यवस्था से जोड़ना है, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि योजना का विशेष लाभ उन गांवों को मिलेगा, जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित है या उपलब्ध नहीं है। डीएम अतुल वत्स ने बस स्वामियों से योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों एवं शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए जनहित में परिवहन सेवाओं का संचालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित, सुरक्षित और विश्वसनीय बस सेवा उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों और बस संचालकों की साझा जिम्मेदारी है। इससे न केवल ग्रामीण नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। बैठक के दौरान एआरएम रोडवेज ने जानकारी दी कि जनपद में 67 ग्राम पंचायतों और 13 मार्गों को बस संचालन की आवश्यकता के आधार पर चिन्हित किया गया है। इस संबंध में चार विकास खंडों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एआरटीओ, एआरएम रोडवेज, बस स्वामी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page