Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 28 जून । नगर की राधानगर कॉलोनी में बंदरों के बढ़ते आतंक से स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि एक बंदर विशेष रूप से आक्रामक हो गया है, जो राह चलते लोगों पर अचानक हमला कर उन्हें घायल कर देता है। इसके चलते क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। रविवार सुबह राजू मिस्त्री, जो एक मकान में टाइल्स लगाने का कार्य कर रहे थे, पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंदर ने उनके सिर पर दांतों से वार कर दिया। पास में मौजूद एक बेलदार ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायल मिस्त्री को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें आवश्यक इंजेक्शन लगाए गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी दिन कुछ देर पहले बंदर ने श्री सुरेश सैनी की पत्नी पर भी झपट्टा मार दिया, जिससे उनके पैर में खरोंचें आ गईं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि बंदरों के आतंक के कारण बच्चों के साथ-साथ बड़ों का भी घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कॉलोनी में स्थित तीन मंदिरों में पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं के हाथों से बंदर प्रसाद और पूजा सामग्री छीन लेते हैं। लोगों का कहना है कि मंदिर जाने के दौरान सुरक्षा के लिए एक व्यक्ति को डंडा लेकर साथ चलना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। विशेष रूप से जिस आक्रामक बंदर के हमलों की शिकायत लगातार मिल रही है, उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page