
हाथरस 25 जून । लखनऊ में हाल ही में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन द्वारा जनपद में सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित एक कॉल सेंटर पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने अपनी टीम के साथ छापेमार कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम ने कॉल सेंटर की सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण में कमियां मिली। बिजली के तार अव्यवस्थित पाए गए तथा भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल से बाहर निकलने के लिए केवल एक ही सीढ़ी उपलब्ध थी, जो काफी संकरी थी। ऐसी स्थिति में किसी आपातकालीन घटना के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित संचालकों से आवश्यक अनुमति एवं सुरक्षा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद प्रशासन द्वारा संबंधित संस्थान को नोटिस जारी किया गया। एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने बताया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा संबंधी कमियों और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने के कारण कॉल सेंटर के संचालन पर रोक लगा दी गई है। संबंधित पक्ष को आवश्यक मानकों की पूर्ति करने और दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

























