हाथरस (मुरसान) 25 जून । क्षेत्र के कंचना गांव की एक विवाहिता की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतका के भाई ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न और धीमा जहर (स्लो पॉइजन) देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।सादाबाद क्षेत्र के नगला छत्ती निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बहन कल्पना का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व मुरसान के कंचना गांव निवासी बच्चू सिंह के पुत्र पुष्पेंद्र के साथ हुआ था। दंपति का एक चार वर्षीय पुत्र भी है। मुकेश का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कल्पना से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। कभी बाइक तो कभी नकदी की मांग की जाती थी, और मांग पूरी न होने पर कल्पना को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उनकी बहन कल्पना को धीरे-धीरे जहर (स्लो पॉइजन) दिया जा रहा था, जिससे उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। कल्पना अक्सर पेट दर्द से परेशान रहती थी।
मुकेश का कहना है कि लगभग चार दिन पहले जब वह अपनी बहन से मिलने कंचना गांव गए थे, तब कल्पना की हालत गंभीर थी। उसने अपने भाई से अच्छे अस्पताल में इलाज कराने की गुहार लगाई थी। मुकेश उसे अपने साथ इलाज के लिए ले जाना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि पति और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों ने इसकी अनुमति नहीं दी। बुधवार को भी कल्पना की तबीयत खराब थी, लेकिन उसे किसी बड़े अस्पताल नहीं ले जाया गया। बृहस्पतिवार को हालत अधिक गंभीर होने पर ससुराल पक्ष उसे सुबह आगरा ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने उसे दोपहर करीब ढाई बजे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद जब मायके और ससुराल पक्ष के लोग शव लेकर गांव लौट रहे थे, तभी सादाबाद में चौधरी चरण सिंह पार्क के निकट मायके पक्ष के लोगों ने एंबुलेंस को रोक लिया। उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

























