Hamara Hathras

Latest News

हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित हाथरस दौरा अब 28 जून को होगा। मुख्यमंत्री लगभग 548 करोड़ रुपये की 147 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे । मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ लगभग 548 करोड़ रुपये की 147 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे । जिनमें 299 करोड़ के 55 लोकार्पण और 248 करोड़ के 88 शिलान्यास शामिल हैं। बतादें लखनऊ में हुए एक बड़े अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार, 22 जून को अलीगढ़ में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री को इस घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए थे। प्रशासन को अभी तक मुख्यमंत्री के 28 जून के दौरे का विस्तृत ‘मिनट-टू-मिनट’ कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को हाथरस में लगभग 80 मिनट रुकना था, जिसमें एक घंटा जनसभा तथा 20 मिनट विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों के लिए निर्धारित थे। सलेमपुर स्थित जनसभा स्थल पहले से ही तय है और प्रशासन विस्तृत कार्यक्रम प्राप्त होने की प्रतीक्षा कर रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रस्तावित मंच व्यवस्था, हेलीपैड, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी इंतजाम सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page