
हाथरस 24 जून। क्षेत्र के गांव हतीसा भगवंतपुर में चोरी की एक घटना सामने आई है। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के कई दिन बाद मुकदमा दर्ज होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता के पति मोहित राना नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पीड़िता अपनी पुत्री अनन्या के साथ गांव हतीसा भगवंतपुर स्थित घर में रहती हैं। पीड़िता के मुताबिक 7 जून की रात वह अपनी बेटी के साथ घर में सो रही थीं। सुबह जागने पर उनका मोबाइल फोन गायब मिला। इसके बाद जब उन्होंने घर का अन्य सामान देखा तो पता चला कि चोर घर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, सोने की झुमकी, चांदी की पायल तथा 10 हजार रुपये नकद भी चोरी कर ले गए हैं। पीड़िता का कहना है कि घटना की जानकारी उन्होंने उसी दिन थाना हाथरस गेट पुलिस को दी थी और लिखित प्रार्थना पत्र भी सौंपा था। हालांकि कई दिन बीत जाने के बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने दोबारा प्रार्थना पत्र देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अब मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।























