Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 जून। शहर के एक कॉलेज में इग्नू की परीक्षा देने आई 20 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के 12 दिन बाद भी कोई सुराग न मिलने पर छात्रा के पिता ने हाथरस गेट थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहपऊ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री 11 जून को हाथरस स्थित एक कॉलेज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की परीक्षा देने आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर वापस नहीं पहुंची।

परिजनों ने छात्रा की काफी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों के अनुसार छात्रा के पास कोई मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे उसकी लोकेशन या संपर्क संबंधी जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। पिता ने आशंका व्यक्त की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर हाथरस गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी खोजबीन की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल छात्रा के लापता होने से परिवार चिंतित है और उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page