
हाथरस 24 जून। नाना चुडस्मा के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए आठ दिवसीय समर कैंप का आज उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। यह कैंप चार्टर्ड प्रेसिडेंट पूजा वार्ष्णेय के प्रतिष्ठान पर आयोजित किया गया। कैंप में बच्चों को सिलाई एवं मेहंदी कला का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें लगभग 30 से 40 बच्चों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कैंप के दौरान बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया तथा नई-नई कलाओं को सीखा। समापन दिवस पर प्रतिभागियों के लिए मेहंदी एवं सिलाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता को जूनियर और सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया। जूनियर वर्ग में ट्विंकल ने प्रथम तथा नेहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में आरती सिंह प्रथम और खुशी द्वितीय स्थान पर रहीं। सिलाई प्रतियोगिता में परी ने प्रथम तथा आरती ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को संस्था की ओर से शील्ड, प्रमाण पत्र एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी बच्चों को जूस और चिप्स के पैकेट वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर मेहंदी प्रशिक्षण देने वाली कृष्णा जी तथा सिलाई प्रशिक्षण प्रदान करने वाली पूजा वार्ष्णेय को संस्था की ओर से पटका एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कैंप के दौरान बच्चों के लिए प्रतिदिन नई-नई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उन्हें रचनात्मक और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हो सके। समर कैंप का उद्घाटन एवं समापन संस्था की संस्थापक एवं यूनिट डायरेक्टर सोनल अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की अध्यक्ष प्रभा वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष आशु वार्ष्णेय, सचिव गीता गुप्ता, पूजा वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, नीरू वार्ष्णेय, रूबी अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, सीमा अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


























