हाथरस 24 जून । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, तपस्या धाम द्वारा आदरणीय मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने भाग लेकर मातेश्वरी जी के दिव्य जीवन एवं आदर्शों को नमन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन योग एवं तपस्या से हुआ। उपस्थित सभी भाई-बहनों ने मातेश्वरी जी के त्यागमय एवं प्रेरणादायी जीवन को स्मरण करते हुए विशेष राजयोग का अभ्यास किया। इसके उपरांत मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने अपने संबोधन में मातेश्वरी जी के त्याग, तपस्या, सादगी एवं आध्यात्मिक नेतृत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मातेश्वरी जी ने अपने आदर्शों और आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा प्रदान की। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना बहन ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मातेश्वरी जी के जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं का उल्लेख किया तथा सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर कवि श्याम बाबू चिंतन ने अपनी काव्य प्रस्तुति के माध्यम से मातेश्वरी जी के गुणों एवं विशेषताओं का भावपूर्ण वर्णन किया। वहीं बीके रश्मि बहन ने अपने श्रद्धाभाव व्यक्त किए तथा बीके राधे बहन ने एक मार्मिक कविता प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में मंजू शर्मा ने मातेश्वरी जी को समर्पित एक मधुर एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिसे सभी उपस्थित भाई-बहनों ने सराहा।इस दौरान बीके बबीता बहन, बीके संगीता गर्ग, राधा अग्रवाल, केशव देव शर्मा सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके दिव्य जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


























