
हाथरस 27 जून। दानवीर महाराजा भामाशाह जी महाराज का जन्म महोत्सव 29 जून सोमवार को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर अग्रवाल सेवा सदन, आगरा रोड सेकंड फ्लोर में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद हाथरस के 10 उत्कृष्ट उद्योगपतियों एवं व्यापारियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। राज्य कर विभाग के उपायुक्त आरके सिंह ने बताया कि दानवीर महाराजा श्री भामाशाह जी ने परमवीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के संघर्ष के दौरान राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण खजाना समर्पित कर दिया था। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ऐसे महान वीर सपूत का जन्म महोत्सव भव्य एवं विशाल स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में हाथरस में भी व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त प्रशासन मयंक जैन ने जनपद के सभी उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने सहयोग एवं सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
























