Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप हाथरस की सभी सदस्याओं ने सामूहिक रूप से योग कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया। कार्यक्रम में योग गुरु शिप्रा बंसल के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग सत्र के दौरान शिप्रा बंसल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की एक श्रेष्ठ जीवन पद्धति है। योग हमें वर्तमान में जीना सिखाता है, तनाव को कम करता है तथा शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर में लचीलापन बढ़ता है, बल्कि मानसिक स्पष्टता और आंतरिक शांति भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। जिस प्रकार भोजन की आवश्यकता प्रतिदिन महसूस होती है, उसी प्रकार यदि योग को भी जीवन की आवश्यक आदत बना लिया जाए तो स्वस्थ और खुशहाल जीवन का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग समयाभाव का बहाना बनाते हैं, जबकि प्रतिदिन केवल 15 से 20 मिनट का योगाभ्यास भी स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकता है। योग गुरु ने अभिभावकों से बच्चों को भी खेल-खेल में योग एवं व्यायाम की आदतें विकसित करने का आह्वान किया, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। कार्यक्रम के अंत में जायंट्स ग्रुप हाथरस की अध्यक्ष प्रभा वार्ष्णेय ने योग गुरु शिप्रा बंसल को पटका पहनाकर एवं स्मृति उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था की सभी सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page