Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वीर सावरकर शाखा पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर ने उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरे विश्व में सम्मान और स्वीकार्यता प्राप्त है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और चेतना के मध्य संतुलन स्थापित करने वाली एक समग्र जीवन-पद्धति है। उन्होंने कहा कि ‘योग’ का अर्थ ही जुड़ना या एक होना है, जो व्यक्ति को स्वयं से और समाज से जोड़ता है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर लचीला, सुदृढ़ एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता से युक्त बनता है। वहीं प्राणायाम और ध्यान मानसिक तनाव को कम कर मन को शांत एवं स्थिर बनाए रखते हैं। योग व्यक्ति की एकाग्रता, स्मरण शक्ति और निर्णय क्षमता को भी विकसित करता है। आशीष सेंगर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में संघ द्वारा ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी एवं नागरिक कर्तव्यों के पालन जैसे विषयों पर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग इन सभी आयामों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है, क्योंकि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक व्यक्ति ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया था, जिसका उद्देश्य विश्वभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से प्रतिदिन प्रातःकाल 20 से 30 मिनट योग एवं प्राणायाम करने का आग्रह करते हुए कहा कि कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम जैसे सरल प्राणायाम से शुरुआत कर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने तथा संघ के शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वस्थ, समरस, संस्कारित एवं सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दोहराया। इस अवसर पर नगर कार्यवाह भानु, सह नगर कार्यवाह टिंकू राना, शाखा के मुख्य शिक्षक राजकुमार, कार्यवाह संदीप मित्तल, नगर सह व्यवस्था प्रमुख संदीप वार्ष्णेय, नगर सह बौद्धिक प्रमुख अजय वर्मा, नगर सह सामाजिक सद्भाव प्रमुख जुगनू, बस्ती प्रमुख विजय वर्मा, आनंद आर्य, सभासद सूरज माहौर, पीयूष शर्मा, श्याम नारायण सक्सेना, प्रकाश चन्द्र सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page