Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी, हाथरस में प्रातः 6 बजे भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास राठी ने की। आयोजन की व्यवस्थाओं एवं संचालन में राजेश शर्मा, विद्यालय परिवार तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी का दायित्व आचार्य निखिल वर्मा ने निभाया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों का स्वागत  दिनेश मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि  राजेश शर्मा ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया। योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. रीना अग्निहोत्री ने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान एवं आत्मविश्वासी बनाता है तथा स्वस्थ जीवन का आधार प्रदान करता है। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों एवं मुख्य शिक्षकों द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष एवं प्रमुख व्यवसायी पुरुषोत्तम दास राठी, श्री महेन्द्रपाल शर्मा (पूर्व प्रवक्ता, मेहरा इंटर कॉलेज, मेंडू एवं साधारण सभा सदस्य), महेश चन्द्र तिवारी (पूर्व अभियंता एवं प्रबंध समिति सदस्य), डॉ. प्रतिभा भारद्वाज (प्रधानाचार्या, जी.एस. यादव कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अगसौली एवं सदस्य, सेवा भारती महिला समन्वय, हाथरस), शिवम जी (नगर प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हाथरस) तथा डॉ. अनु विमल (महिला प्रमुख, वैभवश्री ब्रज प्रांत एवं जेल विजिटर बोर्ड समिति सदस्य) सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य लोकेन्द्र नाथ शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः…” शांति पाठ के साथ हुआ। “योग करें, स्वस्थ रहें – खुशहाल जीवन जिएं” के संदेश के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page