हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बालाजी योग शाखा, नया मिल कैंपस में योग गुरु राजेश वार्ष्णेय के नेतृत्व में योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधकों ने सहभागिता करते हुए उत्साह एवं उमंग के साथ योग, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासन का अभ्यास किया।
योग गुरु राजेश वार्ष्णेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। वहीं जनपद न्यायालय परिसर में योग गुरु पदम वर्मा एवं संतोष लवानिया ने न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इसके अलावा लेबर कॉलोनी पार्क में योग प्रशिक्षक राजीव आर्य के निर्देशन में भी उत्साहपूर्वक योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। योग दिवस के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, निरोग एवं तनावमुक्त जीवन प्रदान करती है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता एवं सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं निरोग जीवन की कामना की गई। साथ ही लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग परिवार से जुड़े पदाधिकारी, योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


























