
हाथरस 19 जून । जिले के विद्यार्थियों को जल्द ही होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सेठ फूलचंद बागला पीजी महाविद्यालय प्रशासन ने होटल मैनेजमेंट कोर्स शुरू करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसे शीघ्र ही राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि वर्तमान समय में होटल, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर होटल मैनेजमेंट कोर्स की उपलब्धता विद्यार्थियों के लिए लाभकारी साबित होगी। अब तक इस क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों को अलीगढ़, आगरा, नोएडा और अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था।
प्रस्तावित पाठ्यक्रम के संचालन के लिए महाविद्यालय में आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों, प्रयोगशालाओं और प्रशिक्षित शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। महाविद्यालय प्रबंधन रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रहा है। इसी क्रम में भवन विस्तार, अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। नए पाठ्यक्रमों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
होटल मैनेजमेंट कोर्स शुरू होने से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा का अवसर मिलेगा, वहीं पर्यटन, होटल एवं आतिथ्य उद्योग में रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। इससे जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का दायरा और अधिक मजबूत होगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने बताया कि विश्वविद्यालय से अनुमति प्राप्त होते ही कोर्स संचालन की औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पाठ्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।


























