
हाथरस (मुरसान) 18 जून । कस्बे के दयालपुर पेट्रोल पंप के निकट हार्डवेयर कारोबारी सुनील कुमार की गोली मारकर की गई हत्या के बाद क्षेत्र में लगातार आक्रोश बना हुआ है। बुधवार को मृतक के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, जहां उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोपितों के एनकाउंटर तथा उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था।
14 जून को हुई इस हत्या के मामले में पुलिस अब तक दो आरोपितों अजय सिंह और चंदन को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी सुखवीर उर्फ फौजी अभी भी फरार है। हाथरस पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आज ग्रामीणों द्वारा मुरसान कोतवाली के घेराव की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल मुरसान कोतवाली पर तैनात कर दिया गया। चंदपा, सादाबाद समेत अन्य थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी और दमकल वाहन भी मौके पर पहुंच गए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सादाबाद मार्ग, ब्लॉक मार्ग, हाथरस मार्ग और मथुरा मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर निगरानी बढ़ा दी। हालांकि बाद में मृतक के छोटे भाई विकास चौधरी मुरसान कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। वार्ता के कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो गई और अतिरिक्त पुलिस बल को वापस भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी सुखवीर फौजी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं मृतक के परिजन और ग्रामीण जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।





















