हाथरस 18 जून । उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हाथरस के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रणवीर सिंह के कार्यालय आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बुके भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। स्वागत समारोह के दौरान शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नवागत बीएसए का जनपद में स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके कुशल नेतृत्व में हाथरस की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी तथा शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने तथा शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी रूप से लागू करने में शिक्षक संगठन प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेगा। साथ ही शिक्षकों के लंबित प्रकरणों एवं विभागीय समस्याओं के समाधान को लेकर भी चर्चा की गई। नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री रणवीर सिंह ने स्वागत से अभिभूत होकर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और पारदर्शी कार्यप्रणाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शिक्षकों के सम्मान की रक्षा करते हुए उनकी जायज समस्याओं का समाधान बिना किसी अनावश्यक विलंब के किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और प्रशासन के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित कर हाथरस को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी जनपद बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस स्वागत कार्यक्रम में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष यतेंद्र पाठक, मुरसान ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा,सासनी से संतोष शर्मा,हाथरस ब्लॉक से शशिकुलश्रेष्ठ, सिकंदराराऊ से शीलेन्द्र चौहान, सहपऊ से अरुण शर्मा,सादाबाद से गोविंद रावत, मंत्री कुलदीप चौधरी,नितेश वार्ष्णेय,नरेश मीणा,मोनू बंसल,कृष्ण कांत कौशिक,गौरव पचौरी,अमित शर्मा,जितेंद्र कौशल भगवान दास यादव सहित भारी संख्या में शिक्षक और संघ के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नवागत बीएसए के कार्यकाल की सफलताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।


























