
हाथरस 18 जून । आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली नगर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर एवं क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बैठक में ताजियादारों, मुस्लिम धर्मगुरुओं तथा क्षेत्र के गणमान्य एवं संभ्रांत नागरिकों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी त्योहार को परंपरागत तरीके से मनाया जाए तथा कोई नई परंपरा न डाली जाए। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी ताजिया बिना प्रशासनिक अनुमति के न निकाला जाए तथा ताजियों के रूट एवं अन्य आवश्यक विवरण समय से प्रशासन और पुलिस को उपलब्ध कराए जाएं, जिससे पर्याप्त सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही ताजियादारों से कहा गया कि ताजिए पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं तथा उनके मार्ग में किसी प्रकार का परिवर्तन न किया जाए। ताजियों की ऊंचाई एवं चौड़ाई में भी कोई बदलाव न करने के निर्देश दिए गए। डी.जे. की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक ताजिए के साथ स्वयंसेवकों (वॉलिंटियर्स) की तैनाती करने तथा उनके नाम एवं मोबाइल नंबर की सूची थाना स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत, साफ-सफाई या अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को देने की बात कही गई।
बैठक के दौरान सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी बल दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक, उत्तेजक अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही किसी धर्म या समुदाय विशेष के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।


























