
हाथरस 16 जून । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला मस्या में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी बनी सिंह की 12 वर्षीय पुत्री पूर्वी सोमवार रात करीब 10 बजे घर में रखे कूलर का तार बिजली बोर्ड में लगा रही थी। इसी दौरान एक तार बोर्ड में लग गया, जबकि दूसरा तार उसके हाथ पर आ गिरा। अचानक करंट का तेज झटका लगने से पूर्वी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बच्ची को जिला अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। बताया गया है कि पूर्वी के पिता बनी सिंह पंजाब में नौकरी करते हैं। परिवार के तीनों बच्चे गांव में अन्य परिजनों के साथ रहते थे। पूर्वी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और कक्षा पांच की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में बेहद होनहार और मेधावी थी। मासूम बच्ची की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे के बाद घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना बिजली उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता की ओर भी संकेत करती है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके






















