
हाथरस (मुरसान) 15 जून । सेनेटरी कारोबारी की उनके तीन दोस्तों ने ढाई लाख रुपये के विवाद में शनिवार रात को गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मुरसान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मुख्य आरोपी के घर पर ताला लगा हुआ मिला है। अलीगढ़ जनपद के इगलास थाना क्षेत्र के गांव असरोई निवासी सुनील चौधरी पिछले चार वर्षों से दयालपुर गांव के पास में रह रहे थे। उन्होंने पेट्रोल पंप के निकट मकान बनाकर नीचे सेनेटरी शोरूम संचालित कर रखा था। इसी मकान पर गांव दयालपुर निवासी सुखवीर उर्फ फौजी ने सोलर प्लांट लगाया था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से सोलर प्लांट के भुगतान को लेकर करीब ढाई लाख रुपये का विवाद चल रहा था। शनिवार शाम करीब 7:15 बजे सुखवीर और इगलास के गांव खेड़िया निवासी अजय, सुनील को शोरूम से कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। रास्ते में गांव रहना निवासी चंदन भी कार में सवार हो गया। कार को अजय चला रहा था, जबकि सुनील आगे वाली सीट पर बैठे थे। पीछे सुखवीर और चंदन मौजूद थे। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना का कहना है कि रुपये के लेन-देन को लेकर कार में विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चंदन द्वारा लाई गई लाइसेंसी पिस्टल को लेकर सुखवीर ने सुनील की पीठ में गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी घायल सुनील को अस्पताल ले गए, जहां से परिजनों को सूचना दी गई। गंभीर हालत में उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के छोटे भाई विकास चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने सुखवीर उर्फ फौजी निवासी नगला भाऊ (हाल निवासी दयालपुर), अजय पुत्र रामवीर निवासी खेड़िया थाना इगलास व चंदन पुत्र ओमवीर निवासी रहना थाना हाथरस गेट के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। मुरसान थानाध्यक्ष अरविन्द सक्सेना का कहना है कि फरार चल रहे सुखवीर और चंदन की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
























