Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 जून । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में स्थित एक आइसक्रीम दुकान पर कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में पिस्टल लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सार्वजनिक स्थान पर हथियार के प्रदर्शन का यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात कार सवार कुछ युवक आइसक्रीम खाने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक नशे की हालत में थे। इसी दौरान एक युवक ने कथित रूप से पिस्टल निकालकर लहराई और मजाकिया अंदाज में दुकानदार से कहा कि वह उसकी पिस्टल लेकर उसे गोली मार दे। जानकारी के अनुसार दुकानदार अपने प्रतिष्ठान के प्रचार और ग्राहक रिव्यू के लिए वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद तेजी से वायरल हो गया, जिस पर लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन को लेकर चिंता व्यक्त की है। फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले को लेकर कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और यदि जांच में तथ्य सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान तथा हथियार के लाइसेंसी या अवैध होने जैसे पहलुओं की जांच कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page