
सिकंदराराऊ 14 जून । हाथरस रोड स्थित रामवती कुंज में शनिवार को श्री चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज का आगमन हुआ। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। जानकारी के अनुसार अलीगढ़ जनपद के अकराबाद थाना क्षेत्र स्थित लाधुआ गांव में 15 जून से 23 जून तक आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा के लिए महाराज श्री सिकंदराराऊ में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे प्रतिदिन रामवती कुंज से कथा स्थल लाधुआ पहुंचकर श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे तथा कथा सम्पन्न होने के उपरांत पुनः रामवती कुंज लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे। यह कार्यक्रम 23 जून तक निरंतर जारी रहेगा। जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रामवती कुंज में उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों का आगमन हुआ।
कथा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग एवं चिकित्सकों की टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल सामना किया जा सके। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं तथा कथा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोजकों ने बताया कि श्रीराम कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में कथा श्रवण कर सकें।


























