Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 जून । गांव पंचायत पचावरी में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। गांव के मुख्य मार्ग किनारे स्थित पोखर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी अब गलियों, ग्रामीणों के घरों और मिनी सचिवालय परिसर तक पहुंच गया है। मिनी सचिवालय जाने वाला मुख्य रास्ता गंदे पानी में डूब गया है, जिससे आम लोगों और सरकारी कार्यों के लिए आने वाले व्यक्तियों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से पोखर का अतिरिक्त पानी निकालने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। विकास विभाग और संबंधित अधिकारियों ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। पोखर के ओवरफ्लो होने से गांव के मुख्य रास्तों पर गंदा पानी भर गया है। पेयजल के लिए लगाए गए हैंडपंप भी जलभराव की चपेट में हैं, जिससे स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गंदे पानी के कारण गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। जलभराव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन भरे रास्तों पर आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, फिर भी समस्या के समाधान के लिए किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विकास विभाग और प्रशासन ने जल्द ही पोखर से पानी निकालने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की, तो पूरे गांव के लोग सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने सचिव को निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page