
हाथरस 12 जून। गांव सुरतिया निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और सास पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता लक्ष्मी देवी के अनुसार, उनका विवाह 17 जून 2021 को बुलंदशहर जनपद के थाना अरनिया क्षेत्र स्थित गांव नागल जरारा निवासी संदेश कुमार पुत्र जुगेंद्र सिंह के साथ हुआ था। विवाह में उनके पिता ने करीब 15 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, बर्तन, फ्रिज, टीवी सहित अन्य घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पति संदेश कुमार, जो वर्तमान में एसएसबी में जयनगर (बिहार) में तैनात है, तथा सास कुसुम देवी दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। पीड़िता का यह भी आरोप है कि शादी से पहले पति के किसी अन्य महिला से संबंध थे, जिसके चलते शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उनका स्त्रीधन भी अपने कब्जे में ले लिया, जिसमें सोने की एक जोड़ी झाले, तीन अंगूठियां, एक हार तथा पांच जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं। आरोप है कि 8 मार्च को पति और सास ने उनके साथ गंभीर मारपीट की और पांच लाख रुपये न लाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने किसी तरह अपने मायके पक्ष को सूचना दी, जिसके बाद परिजन स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले आए। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




















