
हाथरस 12 जून । जिला अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब मरीजों को डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए घंटों कतार में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी। डिजिटल भारत अभियान और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत जिला अस्पताल में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.के. शर्मा ने बताया कि मरीज अब घर बैठे वेबसाइट ओआरएस (ORS) और आभा एप के माध्यम से सरकारी डॉक्टरों से मिलने के लिए समय निर्धारित कर सकते हैं। फिलहाल जिला अस्पताल के ईएनटी (नाक, कान, गला) और दंत रोग विभाग की ओपीडी सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने के बाद मरीजों को टोकन नंबर मिलेगा। इसके बाद उन्हें पर्चा काउंटर पर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे सीधे संबंधित ओपीडी में पहुंचकर अपना टोकन नंबर दिखाकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा आभा एप के जरिए जिला अस्पताल में उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन पर्चा भी बनाया जा सकेगा। यदि मरीज को पर्चे की हार्ड कॉपी चाहिए तो वह केवल अपना टोकन नंबर बताकर उसे प्राप्त कर सकता है। हाल ही में लखनऊ में आयोजित उच्च स्तरीय कार्यशाला में डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केके शर्मा ने प्रतिभाग किया था। कार्यशाला का उद्देश्य डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा अस्पतालों में तकनीकी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।




















