
हाथरस 12 जून। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS की अध्यक्षता में श्रम बन्धु एवं जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, पंजीकरण एवं नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराने, समाप्त हो चुके पंजीकरणों का नवीनीकरण कराने तथा कारखानों एवं फैक्ट्रियों में विशेष शिविर लगाकर श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर श्रमिकों के पंजीकरण, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।























