Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 जून । तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरौठ में जलभराव की समस्या और सरकारी पोखर पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम मनीष चौधरी को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगाए गए पंपसेट को कुछ लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे गांव में स्थिति गंभीर हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान द्वारा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए एक पंपसेट स्थापित कराया गया था। इस पंपसेट के माध्यम से सरकारी पोखर का पानी खेतों तक पहुंचाया जाता था, जिससे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलती थी और गांव में जलभराव की समस्या भी नहीं होती थी। लेकिन पंपसेट बंद होने के बाद पोखर का पानी गलियों और निचले इलाकों में भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग किसी को भी पंपसेट चलाने नहीं देते हैं। यदि कोई इसे चालू करने का प्रयास करता है तो उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। इसके अलावा ग्रामीणों ने सरकारी पोखर की भूमि, गाटा संख्या-515, पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पोखर में मिट्टी डालकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सरकारी भूमि का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस संबंध में ग्राम प्रधान द्वारा पूर्व में भी प्रशासन को शिकायत दी गई थी और रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। मामले पर एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page