Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 जून । जलेसर रोड पर गांव नगला ब्राह्मण के पास विद्युत लाइन में फाल्ट ठीक करते समय संविदा विद्युत कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने से वह पोल से नीचे गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, लालगढ़ी फीडर पर ओवर ट्रिपिंग की समस्या के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। फाल्ट की सूचना मिलने पर सब-स्टेशन से शटडाउन लेने के बाद लाइन को दुरुस्त करने के लिए संविदा विद्युत कर्मी विनीत कुमार पुत्र अतर सिंह, निवासी सलेमपुर रोड सादाबाद को मौके पर भेजा गया था। बताया जाता है कि विनीत कुमार नगला ब्राह्मण के निकट एक डबल पोल पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उन्होंने लाइन के तार को छुआ, वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तीव्र था कि उनके शरीर से चिंगारियां निकलने लगीं और वे गंभीर रूप से झुलस गए। संतुलन बिगड़ने पर वह पोल से नीचे जमीन पर गिर पड़े। घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घायल संविदा कर्मी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार आगरा के एक अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शटडाउन लेने के बावजूद लाइन में करंट कैसे प्रवाहित हुआ। विभागीय स्तर पर घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि लाइनमैन की हालत में सुधार है और वह अपने घर परिवार व अन्य लोगों से बातचीत कर पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page