Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 जून । मथुरा मार्ग पर बुधवार देर रात दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में बस चालक की मौत हो गई, जबकि पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिर पड़े। मृतक की पहचान गांव गुमानी गढ़ी निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई है, जो निजी बस चालक थे। वह बस स्टैंड पर वाहन खड़ा करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटर साइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर नगला चौधरी निवासी दीपक पुत्र मूलचंद और गढ़ी उदया, नौहझील मथुरा निवासी सचिन पुत्र जवाहर सिंह सवार थे। दोनों युवक पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। हादसा मथुरा मार्ग स्थित मदर्स टच इंटरनेशनल स्कूल के सामने हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक और सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page