
हाथरस 11 जून। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के छात्र-छात्राओं को सूचित किया है कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग कक्षाओं का संचालन 01 जुलाई 2026 से किया जाएगा। योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पुलिस तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून 2026 निर्धारित की गई है।
इच्छुक छात्र-छात्राएं विकास भवन, हाथरस के कक्ष संख्या-105 में फोटो, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक की अंकतालिकाओं की छायाप्रति संलग्न कर आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी गूगल फॉर्म के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए विषय विशेषज्ञों एवं अतिथि व्याख्याताओं का चयन भी किया जाएगा। इसके लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून 2026 निर्धारित की गई है। सिविल सेवा एवं पीसीएस की तैयारी कराने हेतु विश्वविद्यालयों एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक, आईएएस (मुख्य) परीक्षा, पीसीएस साक्षात्कार अथवा दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस तथा जेईई के लिए प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमटेक डिग्री धारक अभ्यर्थी अतिथि व्याख्याता के रूप में चयन के पात्र होंगे। अंतिम चयन का निर्णय चयन समिति द्वारा किया जाएगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं एवं व्याख्याता दूरभाष संख्या 7071365850 एवं 8191816646 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।


























