Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 जून। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित हलवाईखाना मोहल्ले में नौ जून की रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल मार्च किया।

कोतवाली सदर के उप निरीक्षक सोनू कुमार के अनुसार वह एसआई नरेंद्र कुमार और आरक्षी लज्जाराम के साथ बांस मंडी चौराहे के निकट गश्त पर थे। रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि हलवाईखाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि लगभग 20 से 25 लोग हाथों में ईंट, पत्थर, लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे तथा गाली-गलौज कर रहे थे। पुलिस के अनुसार मारपीट और हंगामे के कारण बाजार में भगदड़ मच गई। भयभीत दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं और आसपास के लोगों ने घरों के दरवाजे एवं खिड़कियां बंद कर लीं। क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भगदड़ के दौरान कई लोगों के जूते-चप्पल तक मौके पर छूट गए। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उप निरीक्षक सोनू कुमार की तहरीर पर कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page