
हाथरस 10 जून। महिला थाना पुलिस को आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रीति शर्मा उर्फ नंदनी ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता प्रीति शर्मा का आरोप है कि उसकी शादी 28 फरवरी 2017 को कोतवाली सदर क्षेत्र की विनोद बिहार कॉलोनी निवासी सौरभ दीक्षित के साथ हुई थी। विवाह में उसके पिता ने लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं हुआ। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सौरभ, ससुर, सास, ननद एवं नंदोई अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते रहे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के दौरान भी ससुराल पक्ष ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और जबरन गर्भपात करा दिया। इसके अलावा 7 जनवरी 2024 और 25 मई 2025 को उसके साथ मारपीट कर उसे बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। महिला का कहना है कि उसके पिता द्वारा कई बार समझौते और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और उत्पीड़न लगातार जारी रहा। पीड़िता ने महिला थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















