सादाबाद 10 जून । बीती देर शाम आई तेज आंधी से बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर विद्युत लाइनें और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। कई इलाकों में रातभर आपूर्ति बाधित रही।
आंधी के कारण सादाबाद प्रथम विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी सप्लाई में ब्रेकडाउन हो गया। इसके चलते क्षेत्र के कई प्रमुख फीडरों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। बिजली गुल होने से घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज प्रभावित हुआ। गर्मी और उमस के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि ब्रेकडाउन के कारण सादाबाद प्रथम फीडर, टीकैत फीडर, आगरा साइड कोल्ड फीडर, हाथरस साइड कोल्ड फीडर, कजरोठी फीडर और लालगढ़ी फीडर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। विभागीय कर्मचारी फॉल्ट तलाशने और क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। अवर अभियंता ने बताया कि मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों पर टूटे तारों और तकनीकी खराबियों को ठीक कर रही हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को घरेलू और व्यावसायिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि अचानक बिजली चले जाने से दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ।






















