सादाबाद 10 जून । कस्बे के आनंद नगर चौराहे पर पीपल के पेड़ की विशाल शाखा पिछले लगभग 15 दिनों से खतरनाक स्थिति में लटकी हुई है। आंधी में टूटी यह शाखा विद्युत लाइनों में फंसी है और अब सड़क की ओर झुक गई है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
यह शाखा लगभग 15 दिन पहले आई तेज आंधी के दौरान टूटकर बिजली की लाइनों में अटक गई थी। शुरुआत में यह पेड़ और तारों के सहारे टिकी रही, लेकिन करीब चार दिन पहले यह और अधिक झुककर सड़क की ओर आ गई। इसके कारण चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, जबकि पैदल यात्री और दोपहिया वाहन चालक जोखिम उठाकर आवाजाही कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आनंद नगर चौराहा कस्बे का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है। यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। यह मार्ग कई मोहल्लों को जोड़ने के साथ आगरा अलीगढ़ हाईवे से भी जुड़ता है। उन्होंने आशंका जताई कि शाखा के अचानक गिरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। वन विभाग को कई दिन पहले इस संबंध में सूचित किया जा चुका है। इसके बावजूद शाखा हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है। विभागीय उदासीनता के कारण स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि शाखा अभी भी पेड़ से आंशिक रूप से जुड़ी है और बिजली के तारों के सहारे लटकी हुई है। तेज हवा या बारिश की स्थिति में इसके पूरी तरह टूटने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे जनहानि के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग और विद्युत विभाग से तत्काल संयुक्त कार्रवाई कर शाखा को सुरक्षित ढंग से हटाने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। इस संबंध में, एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि उन्होंने वन विभाग की रेंजर को उक्त पेड़ को लेकर निर्देशित कर दिया है।






















