
हाथरस 08 जून । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत हाथरस लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने जनपद के प्रमुख नागरिकों से आत्मीय भेंट कर जनसंवाद किया। अभियान के तहत सांसद ने प्रमुख व्यवसायी एवं समाजसेवी रामकुमार तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.सी. गुप्ता के आवास पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि जनसंपर्क अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता, सतेंद्र सिंह, रजत चौधरी, गौरव सिंह एवं अर्जुन वाल्मीकि सहित अन्य कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने तथा सरकार की विकासपरक नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों का स्वागत किया गया तथा जनसंपर्क अभियान में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

























