हाथरस/सहपऊ 08 जून । थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव खौंडा में संपत्ति विवाद को लेकर एक 84 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपने बेटे, पोते और अन्य पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खौंडा निवासी सावित्री देवी पत्नी स्वर्गीय सोवरन सिंह ने कोतवाली में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे शीलेंद्र सिंह, पोता दुष्यंत कुमार तथा तेजवीर उर्फ तेजा आए दिन संपत्ति को लेकर उनसे विवाद करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। पीड़िता के अनुसार, जब वह कुछ समय के लिए अपनी बेटी के साथ उसके ससुराल गई हुई थीं, तभी आरोपितों ने उनकी कोठरी का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान बाहर फेंक दिया। चार जून की दोपहर जब वह और उनका बेटा योगेंद्र कुमार इस संबंध में जानकारी लेने पहुंचे, तो आरोपितों ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर योगेंद्र कुमार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। साथ ही आरोपितों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की भी बात कही गई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
























