सादाबाद : सीएमओ ने सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दिए निर्देश
सादाबाद 08 जून । मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेदप्रकाश ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में पहुंचकर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी, एफआरयू कक्ष सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला मरीजों की जांच व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण एवं आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. वेदप्रकाश ने चिकित्सक कक्ष, दवा भंडार, कोल्ड चेन, टीबी यूनिट, एक्स-रे कक्ष तथा जांच कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए सीएमओ ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जानी चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दानवीर सिंह ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, संचालित स्वास्थ्य योजनाओं तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी सीएमओ को दी। निरीक्षण के अंत में सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों की सराहना की तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।
























