Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 08 जून । पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों से रोडवेज बस में पूरा किराया वसूलने को लेकर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि बस चालक वाहन को सीधे सादाबाद कोतवाली ले आया, जहां अभ्यर्थियों ने परिचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराये में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की गई थी। सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अलीगढ़ से आगरा परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाथरस डिपो की बस संख्या यूपी-78 एलएन-0472 में यात्रा कर रहे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परिचालक ने उनसे निर्धारित छूट न देकर पूरा किराया वसूल लिया। अभ्यर्थियों का कहना था कि उन्होंने परिचालक को शासन के आदेश की जानकारी दी, लेकिन परिचालक ने यह कहते हुए छूट देने से इनकार कर दिया कि उसे इस संबंध में कोई स्पष्ट निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। अभ्यर्थियों के अनुसार बाद में आदेश की जानकारी मिलने के बावजूद अतिरिक्त वसूली गई धनराशि वापस नहीं की गई। विवाद उस समय और बढ़ गया जब एक अभ्यर्थी ने पूरा किराया लिए जाने के विरोध में टिकट लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिचालक और अभ्यर्थी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख बस चालक वाहन को सीधे सादाबाद कोतवाली ले आया। कोतवाली पहुंचने पर अभ्यर्थियों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश पांडेय ने दोनों पक्षों की बात सुनी और रोडवेज विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने अनुज कुमार निवासी अलीगढ़ सहित अन्य अभ्यर्थियों की शिकायत प्राप्त कर मामले का संज्ञान लिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थियों की शिकायत रोडवेज विभाग के अधिकारियों को भेजी जाएगी तथा अतिरिक्त वसूले गए किराये की वापसी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी है, जबकि रोडवेज विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page