
हाथरस 08 जून । क्षेत्र के नगला तुंदना निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार उसका निकाह 4 नवंबर 2025 को सादाबाद क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 7 जून की रात सास ने परिवार के अन्य सदस्यों को बाहर भेज दिया, जिसके बाद पति और देवर ने उसके साथ मारपीट की। विवाहिता का आरोप है कि देवर ने उसके साथ छेड़छाड़ की, जबकि पति ने बेल्ट से पिटाई कर उसके कपड़े फाड़ दिए और सिर दीवार से टकरा दिया। पीड़िता ने बताया कि वह वर्तमान में लगभग पांच माह की गर्भवती है। उसने आरोप लगाया कि घटना के दौरान जेठ ने भी उसे जान से मारने की धमकी दी। विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक से पति, सास, देवर और जेठ के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ एवं हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया है। पुलिस द्वारा शिकायत की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























