
हाथरस 08 जून । जनपद के सासनी क्षेत्र स्थित गांव नगला नाई में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान हरियाणवी डांसर डिम्पल चौधरी के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में डांसर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में डांसर का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
डिम्पल चौधरी, जो कि खुर्जा की निवासी हैं, ने हमारा हाथरस को बताया कि वह 3 जून को अपनी टीम के साथ ग्राम नगला नाई में आयोजित एक जन्मदिन कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंची थीं। उनके अनुसार, कार्यक्रम के दौरान डांस प्रस्तुति देते समय एक युवक मंच पर आया और उनसे गलत तरीके से संपर्क करने का प्रयास किया। डांसर का आरोप है कि युवक ने पहले उनके कंधे और बाद में कमर पर हाथ लगाया। विरोध करने के बावजूद वह नहीं माना। उन्होंने बताया कि पूरी घटना कार्यक्रम में मौजूद कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है तथा वह फोटो देखकर आरोपी की पहचान कर सकती हैं। घटना के बाद डिम्पल चौधरी ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। डिम्पल चौधरी ने कहा कि यह लड़ाई केवल उनके आत्मसम्मान की नहीं, बल्कि उन सभी महिला कलाकारों और लड़कियों की है, जिन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान इस प्रकार की घटनाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। इस घटना से जुड़े दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। डिम्पल चौधरी ने इन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में एक युवक मंच पर पहुंचकर डांसर के पास जाता दिखाई देता है। डांसर का आरोप है कि पहली घटना के बाद भी युवक नहीं माना और दूसरी प्रस्तुति के दौरान फिर मंच पर पहुंच गया। इसी दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और डांसर ने मंच पर ही युवक का विरोध किया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
























