
हाथरस ०7 जून । अलीगढ रोड स्थित लेबर कॉलोनी के निकट झुके हुए विद्युत पोल एवं लटके हुए केबलों को दुरुस्त करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा है। विभाग ने पहले चरण में लटके हुए केबलों को ऊंचा करने का कार्य पूरा कर लिया है, जबकि झुके हुए पोल को सीधा करने के लिए विशेष मरम्मत कार्य किया जाना प्रस्तावित है। विद्युत विभाग के अनुसार पोल को सीधा करने के लिए करीब छह घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रखना आवश्यक होगा। रात में लगभग 500 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने यह कार्य दिन के समय करने का निर्णय लिया है।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रगतिपुरम उपकेंद्र के अंतर्गत सोमवार, 8 जून को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लेबर कॉलोनी के निकट मुंशी गजाधर सिंह मार्ग पर ट्राई पोल की मरम्मत एवं सीधा करने का कार्य किया जाएगा। मरम्मत कार्य के दौरान गिर्राज कॉलोनी, मुंशी गजाधर सिंह मार्ग, ग्रीन कैंपस, साकेत कॉलोनी तथा एलआईसी कार्यालय के आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आवश्यक कार्यों की पूर्व तैयारी कर लें। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी जाएगी।


























