
हाथरस 07 जून । सादाबाद तहसील क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गांव मीरपुर के निकट निर्माणाधीन आगरा-अलीगढ़ ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर एंट्री-एग्जिट (चढ़ाव-उतार) की सुविधा विकसित किए जाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मांग से संबंधित पत्र का संज्ञान लेते हुए प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है।
गौरतलब है कि आगरा से अलीगढ़ तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो सादाबाद तहसील क्षेत्र के कई गांवों से होकर गुजर रहा है। एक्सप्रेसवे पर स्थानीय स्तर पर कोई प्रवेश एवं निकासी बिंदु न होने के कारण क्षेत्र के लोगों में असंतोष था। इस समस्या को देखते हुए सादाबाद विधायक प्रदीप सिंह ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर गांव मीरपुर के निकट एंट्री-एग्जिट की व्यवस्था करने की मांग की थी। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत कजरौठी के प्रधान ने भी विधायक को ज्ञापन सौंपकर राया-सादाबाद मार्ग को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ने हेतु मीरपुर क्षेत्र में प्रवेश एवं निकासी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। अब केंद्रीय मंत्री द्वारा इस प्रस्ताव को विचारार्थ संबंधित अधिकारियों को भेजे जाने के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। यदि मीरपुर के निकट एंट्री-एग्जिट का निर्माण होता है तो क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। इससे आगरा की दूरी लगभग 10 किलोमीटर तथा अलीगढ़ की दूरी करीब 15 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। साथ ही किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों ने बताया कि एंट्री-एग्जिट बनने से क्षेत्र के लोगों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। वहीं विधायक प्रदीप सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजा था, जिस पर सकारात्मक संज्ञान लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुविधा विकसित होने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि एक्सप्रेसवे पर एंट्री-एग्जिट बनने से सादाबाद क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों को आगरा और अलीगढ़ की मंडियों तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके अलावा व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह एक्सप्रेसवे खंदौली, आगरा के निकट यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ रहा है, जिससे दिल्ली, नोएडा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक की कनेक्टिविटी भी और अधिक सुगम हो जाएगी। क्षेत्रवासियों को अब संबंधित विभागों द्वारा प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।


























