Hamara Hathras

Latest News

हाथरस ०7 जून । पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की संचालिका बीके शांता बहन जी के सानिध्य एवं हसायन की बीके उमा बहन के संयोजकत्व में लोटस हाउस केंद्र पर ब्रह्माकुमारी बहनों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्याम वार्ष्णेय (सारी खबर) एवं मोनिका वार्ष्णेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ब्रह्माकुमारी बहनों का पत्र-पुष्प एवं सम्मान भेंट कर अभिनंदन किया गया। सम्मानित होने वाली बहनों में बीके शांता बहन जी, बीके हेमलता दीदी जी, बीके मीना बहन, बीके दुर्गेश बहन, बीके नीतू बहन, बीके श्वेता बहन, बीके उमा बहन, बीके लवली बहन, मोनिका बहन, सृष्टि बहन सहित अन्य बहनें शामिल रहीं। समारोह को संबोधित करते हुए आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की संचालिका बीके शांता बहन जी ने पुरुषोत्तम मास के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास कल्याणकारी पुरुषोत्तम संगम युग की यादगार है। यह कलियुग के अंत और सतयुग के आरंभ के मध्य का दिव्य संगम काल है। यह साधना, तपस्या और आत्म परिवर्तन का श्रेष्ठ समय है। उन्होंने कहा कि यही वह युग है जिसमें पुरुष श्री नारायण और नारी श्री लक्ष्मी बनने की आध्यात्मिक यात्रा पर अग्रसर होते हैं। जब परमपिता परमात्मा शिव स्वयं धरा पर अवतरित होकर मानव आत्माओं को दिव्य ज्ञान प्रदान करते हैं, तब इस पुरुषोत्तम संगम युग का पदार्पण होता है। कार्यक्रम में बीके उमा बहन ने आयोजन के लिए वार्ष्णेय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। समारोह के अंत में ब्रह्मा भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page