
हाथरस 06 जून । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मूल रूप से हाथरस के गांव एहवरनपुर निवासी दिनेश शर्मा का मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया। हैकर्स ने उनके नाम का इस्तेमाल करते हुए करीब 5000 से अधिक शुभचिंतकों और समर्थकों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की। इस दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत कई राज्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने लगभग दो लाख रुपये भी भेज दिए। मामले की शिकायत आगरा साइबर थाना पुलिस से की गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और हैकर्स की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, एक जून की दोपहर करीब एक बजे दिनेश शर्मा का मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया। इसके बाद हैकर्स ने उनके संपर्क में मौजूद लोगों को संदेश भेजना शुरू कर दिया। संदेश में लिखा गया कि उन्हें तत्काल कुछ धनराशि की आवश्यकता है और सहायता भेजी जाए। संदेश प्राप्त होते ही कई समर्थकों ने इसकी सत्यता जानने के लिए दिनेश शर्मा को फोन किया। लगातार फोन आने पर उन्हें मामले की जानकारी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से किसी से भी धनराशि नहीं मांगी गई है। इसके बाद उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट जारी कर मोबाइल और व्हाट्सएप हैक होने की जानकारी दी तथा सभी शुभचिंतकों और समर्थकों से किसी भी प्रकार की धनराशि न भेजने की अपील की। दिनेश शर्मा ने बताया कि मामले की शिकायत आगरा साइबर थाना पुलिस से की गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और हैकर्स की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से उनके पास लगातार ऐसे लोगों के फोन आ रहे हैं, जिन्हें हैकर्स द्वारा भेजे गए संदेश प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यूपी और पंजाब सहित विभिन्न स्थानों के समर्थक करीब दो लाख रुपये भेज चुके हैं। दिनेश शर्मा ने बताया कि एक जून को उनके पास एक फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि “स्टेट प्रेसिडेंट” की ओर से उनके लिए एक जरूरी पार्सल भेजा गया है और उसे लेने के लिए किसी समर्थक को भेज दें। साथ ही एक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया, जिस पर संपर्क करने के लिए कहा गया। इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। गौरतलब है कि दिनेश शर्मा लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री रहे हैं। इसके अलावा वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक तथा पंजाब में भाजपा के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के नाम से धनराशि मांगने वाले संदेश प्राप्त होने पर पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें और साइबर धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
























