Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 जून । शहर की बहू डॉ. राधिका गोयल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर हाथरस का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने ‘इम्पैक्ट ऑफ फिनटेक ऑन बैंक परफॉर्मेंस’ विषय पर शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (PhD) की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डॉ. राधिका गोयल शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी एवं प्रतिष्ठित रंग कारोबारी देवेंद्र गोयल की पुत्रवधू हैं। अपने शोध कार्य के दौरान उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही फिनटेक सेवाओं और उनके प्रभावों का गहन अध्ययन किया। शोध में आधुनिक तकनीक के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं की कार्यक्षमता, ग्राहकों तक पहुंच तथा वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ने वाले प्रभावों का विस्तृत विश्लेषण किया गया है।

डॉ. राधिका की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे शहर में खुशी का माहौल है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाली युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। डॉ. राधिका गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को देते हुए कहा कि उनकी सास कविता गोयल और पति आकाश गोयल ने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया, जिसके कारण वह अपने लक्ष्य तक पहुंच सकीं। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग किसी भी बड़ी उपलब्धि की सबसे बड़ी ताकत होता है। शहर के शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. राधिका गोयल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से हाथरस का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और शोध के क्षेत्र में गौरवान्वित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page