Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 जून । जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर आज मेडिकल परीक्षण को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक घायल युवक के परिजनों ने एक बाहरी व्यक्ति पर रुपये लेने के बावजूद मेडिकल न कराने का आरोप लगाया। घटना के चलते इमरजेंसी परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, थाना हाथरस गेट क्षेत्र के भगबंतपुर निवासी एक युवक गांव में हुई मारपीट में घायल हो गया था। पुलिस उसे चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंची थी। आरोप है कि इमरजेंसी के बाहर मौजूद एक बाहरी व्यक्ति ने मेडिकल कराने के नाम पर घायल के परिजनों से रुपये ले लिए, लेकिन इसके बाद भी मेडिकल नहीं कराया गया। इस बात से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और संबंधित व्यक्ति पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सूर्य प्रकाश मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) को बुलाकर घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया। सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि घायल युवक का मेडिकल नहीं हो पा रहा है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए मेडिकल परीक्षण कराया गया। उन्होंने रुपये लेने के आरोपों को गलत बताया और कहा कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page