
हाथरस 06 जून । पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेली द्वारा गौशाला परिसर में राहगीरों के लिए ठंडे-ठंडे मैंगो शेक (आम शेक) का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य का उद्देश्य राहगीरों को राहत पहुंचाना और मानव सेवा का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर संस्था की पदाधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे और थके हुए लोगों को शीतल पेय उपलब्ध कराना एक पुण्य कार्य है। एक गिलास ठंडा आम शेक न केवल शरीर को ताजगी प्रदान करता है, बल्कि राहगीरों को नई ऊर्जा भी देता है। उन्होंने कहा कि सेवा और परोपकार की भावना से किया गया प्रत्येक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देता है तथा मानवता को मजबूत बनाता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों को आम शेक वितरित किया गया। संस्था की सदस्यों ने लोगों से भी गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करने और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस सेवा कार्य में आईपीपी शालिनी वार्ष्णेय, अध्यक्ष प्रीति वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष गुंजन गर्ग, मधुबाला वार्ष्णेय, राधा सिंगल, अंजलि गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
























