Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 जून । तहसील सासनी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा मिलेट्स से तैयार खाद्य पदार्थों का स्वाद लिया और उनके पोषण संबंधी महत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषण सुरक्षा एवं स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनसुनवाई के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, संवेदनशील एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर संतोषजनक एवं स्थायी होना चाहिए। उन्होंने पट्टाधारकों को वास्तविक कब्जा दिलाने, समय-सीमा समाप्त होने पर आवेदकों को समय रहते सूचना देने तथा न्यायालय में विचाराधीन मामलों में शिकायतकर्ताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। समाधान दिवस के समापन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाएगा तथा सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा। समाधान दिवस में सासनी तहसील में कुल 82 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 का मौके पर निस्तारण किया गया। हाथरस तहसील में प्राप्त 53 शिकायतों में से 4, सादाबाद तहसील में प्राप्त 29 में से 2 तथा सिकंद्राराऊ तहसील में प्राप्त 92 शिकायतों में से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी सासनी, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page