
हाथरस 05 जून । तहसील सदर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में बुधवार की सुबह उस समय जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया, जब बैनामा कराने आए एक पक्ष ने एक अधिवक्ता के साथ अभद्रता कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि कार्यालय परिसर में ही मारपीट शुरू हो गई। इस घटना से काफी देर तक रजिस्ट्री कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, रजिस्ट्री कार्यालय में पिछले कुछ दिनों से सर्वर काफी धीमा चल रहा है। इसके कारण दूर-दराज के गांवों और क्षेत्रों से बैनामा व रजिस्ट्री कराने आए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार की सुबह भी सर्वर की बेहद धीमी गति के कारण कार्यालय के भीतर और बाहर आवेदकों व तीमारदारों की जबरदस्त भीड़ जमा थी। भीषण गर्मी और उमस के बीच काम न होने से लोग पहले ही बेहद परेशान और आक्रोशित थे। करीब 60 फाइलें लेकर लोग कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
इसी कतार में लगे एक व्यक्ति का सब्र का बांध टूट गया और उसने वहां मौजूद एक अधिवक्ता के साथ बदतमीजी व अभद्रता कर दी। अपने साथी वकील के साथ हुई इस अभद्रता को देखकर वहां मौजूद अन्य अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। वकीलों ने एकजुट होकर उस व्यक्ति की जमकर धुनाई कर दी, जिससे कार्यालय में हंगामा मच गया। हंगामे के बाद अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और धीमे सर्वर को लेकर जमकर सवाल उठाए और रोष व्यक्त किया। बाद में वहां मौजूद वरिष्ठ लोगों ने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामला शांत कराया, जिसके बाद रजिस्ट्री का काम दोबारा सुचारू हो सका।
उप निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) हाथरस जेपी सिंह ने बताया कि रजिस्ट्री को लेकर दो पक्षों में मामूली कहासुनी और विवाद हुआ था। कभी-कभी तकनीकी दिक्कतों के कारण सर्वर धीमा हो जाता है, जिससे लोगों को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। वर्तमान में रजिस्ट्री कार्यालय की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू हैं और बैनामे का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।
Next News :-मथुरा-बरेली और आगरा-अलीगढ़ हाईवे को जोड़ेगा नया बाईपास, हाथरस को मिलेगी जाम से मुक्ति
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






