सिकंदराराऊ (हसायन) 05 जून । कस्बा सहित ग्रामीण अंचलों में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और सूर्यदेव के तीखे तेवरों के बीच अघोषित बिजली कटौती, बार-बार आ रही ट्रिपिंग और तकनीकी खामियों ने उपभोक्ताओं का जीना मुहाल कर दिया है। सरकार और उच्चाधिकारियों द्वारा देहात व कस्बा क्षेत्र को प्रतिदिन 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के कड़े निर्देश हैं, लेकिन धरातल पर रोस्टर कटौती के अलावा अन्य तकनीकी कारणों से होने वाली कटौती से लोग त्रस्त हैं। आज दोपहर के समय बिजली की आंखमिचौली से लोग बेहाल नजर आए। नगला रति विद्युत उपकेन्द्र से दोपहर 11:28 बजे अचानक विद्युत लाइन में खराबी आने से आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद सवा बारह बजे के करीब दोबारा बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में उपभोक्ता छटपटा उठे। दोपहर 3 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक दो घंटे की लगातार रोस्टर कटौती की गई।
रोस्टर के साथ ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग बनी मुसीबत
विद्युत उपकेंद्र से नियमानुसार 24 घंटे में से कुल 6 घंटे की रोस्टर कटौती की जाती है। कस्बा हसायन टाउन में दिन के समय दो से ढाई घंटे और देहात क्षेत्र के चार फीडरों से जुड़े गांवों में तीन से साढ़े तीन घंटे तक की रोस्टर कटौती का मैसेज आने पर बिजली काटी जाती है। लेकिन इसके अलावा, दिन में अत्यधिक विद्युत अधिभार (ओवरलोडिंग) होने के कारण लाइनों पर बार-बार ट्रिपिंग आती है, जिससे आपूर्ति पूरी तरह ठप हो जाती है। शुक्रवार को दोपहर के समय लाइन में तकनीकी व्यवधान और बिजली कर्मियों द्वारा शटडाउन लिए जाने के कारण भी करीब आधा घंटा आपूर्ति बाधित रही।
उमस और मच्छरों के प्रकोप से रात-दिन काटना मुश्किल
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि सरकार के आदेश के बावजूद विभाग विभिन्न तकनीकी कारणों और फाल्ट का हवाला देकर भीषण गर्मी में कटौती कर रहा है। बिजली गुल होते ही उमस और मच्छरों के प्रकोप का सामना करना पड़ता है, जिससे लोगों की रात-दिन की नींद उड़ गई है।
तेज धूप और तपन के बीच पसीना बहा रहे बिजली कर्मी
इस विकट परिस्थिति में भी राहत की बात यह है कि विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात अवर अभियंता (जेई) मोहम्मद इकरार अपनी टीम और संविदा बिजली कर्मियों को लेकर मुस्तैद दिखाई देते हैं। किसी भी लाइन या पीटीडब्ल्यू लाइन पर ट्रिपिंग या फाल्ट की समस्या आते ही, जेई और उनकी टीम भीषण गर्मी और तेज धूप की परवाह किए बिना फाल्ट को सुधारने और आपूर्ति बहाल करने के लिए मौके पर पसीना बहाती नजर आती है। अवर अभियंता (जेई) हसायन मोहम्मद इकरार ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को नियमानुसार पूरी आपूर्ति दी जा रही है। उपकेंद्र से केवल रोस्टर का आधिकारिक मैसेज आने पर ही कटौती की जाती है। इसके अलावा यदि किसी लाइन पर ट्रिपिंग, लाइन लॉस या फाल्ट की समस्या आती है, तो बमुश्किल 5 से 10 मिनट के भीतर उसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है। हमारी कोशिश उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने की है।
























